विगत एक दशक से भाजपा का रहा दबदबा
राजसमंद, चेतना भाट। पंचायत राज के चुनाव में पंचायत समिति राजसमंद की 17 सीटों पर मुख्यत: प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा व कांग्रेस के प्रत्याशियों के मध्य कडा मुकाबला बना हुआ है। राजसमंद पंचायत समिति के गठन के बाद 9 बार कांग्रेस के प्रधान रहे हैं वहीं तीन बार भाजपा को प्रधान सीट के लिए अवसर मिला है। विगत एक दशक से पंचायत समिति में भाजपा के प्रधान होने से भाजपा पार्टी का दबदबा बना हुआ था। वर्तमान में पंचायत समिति के सदस्यों के चुनाव में कांटे की टक्कर बनी हुई है ऐसे में प्रधान के प्रबल दावेदारों के द्वारा भी अपनी-अपनी पार्टी के प्रत्याशियों की जीत के लिए राजनीतिक रणनीति बनाकर जी जान से प्रचार प्रसार किया जा रहा हैं। राजसमंद पंचायत समिति के 17 सदस्यो के भाग्य का फैसला 1 दिसंबर को होने वाले मतदान मैं ईवीएम मशीन के माध्यम से कैद होगा। पंचायत समिति सदस्य के प्रत्याशियों के भाग्य का खुलासा 8 दिसंबर को जिला मुख्यालय पर मतगणना के बाद होगा तथा 10 दिसंबर को प्रधान का चुनाव एवं 11 दिसंबर को उपप्रधान का चुनाव होगा।

राजसमंद पंस. में अब तक रहे ये प्रधान

1 काग्रेस के कैप्टन दौलत सिंह दो अक्टूबर 1959 से 4 अगस्त 1966 तक लगातार तीन बार प्रधान बने।
2 कांग्रेस के पृथ्वी सिंह कार्यवाहक प्रधान के रूप में 5 अगस्त 1966 से 1 जुलाई 1977 तक
3 कांग्रेस के गुणसागर कर्णावत 26 दिसंबर 1981 से 1 जुलाई 1988 तक
4 कांग्रेस के रघुवीरसिंह राठौड़ 4 जुलाई 1988 से 5 जुलाई 1991 तक
5 कांग्रेस की डॉ शिप्रा 18 फरवरी 1995 से 17 अक्टूबर 1998 तक
6 कांग्रेस के देवी सिंह भाटी कार्यवाहक प्रधान के रूप में 18 अक्टूबर 1998 से 12 फरवरी 2000 तक
7 कांग्रेस के रघुवीर सिंह राठौड़ 12 फरवरी 2000 से 30 सितंबर 2002 तक
8 भाजपा के भानु पालीवाल कार्यवाहक प्रधान एक अक्टूबर 2002 से 19 फरवरी 2003 तक
9 कांग्रेस के शांतिलाल कोठारी 20 फरवरी 2003 से 10 फरवरी 2005 तक
10 कांग्रेस के गणेशलाल भील 16 फरवरी 2005 से 10 फरवरी 2010 तक
11 भाजपा की देऊ बाई खटीक 10 फरवरी 2010 से 6 फरवरी 2015 तक
12 भाजपा की रीना कुमावत 11 फरवरी 2015 से निवर्तमान तक प्रधान पद निर्वाचित हुई है।

राजसमंद कि ये सीटें बनी है हॉट सीट

राजसमंद पंचायत समिति में प्रधान पद इस बार सामान्य वर्ग के लिए आरक्षीत है। जिसके चलते यहां पर सामान्य वर्ग के अलावा किसी भी वर्ग का विजेता उम्मीदवार काबिज हो सकता है। हालांकि यहां प्रधान पद के लिए प्रबल दावेदारों में कांग्रेस की और से पंचायत समिति सदस्य के वार्ड संख्या 17 पड़ासली बामन टुकड़ा से दिग्विजयसिंह राठौड़ (दुर्गा बन्ना) एवं भाजपा की ओर से पंचायत समिति सदस्य वार्ड संख्या 10 मोही एमडी से बसंत कुंवर भाटी को प्रबल दावेदार माना जा रहा है। पंचायत समिति क्षेत्र के चुनाव में इन दो नामों को लेकर दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं एवं मतदाताओं में चर्चाएं जोरों से चल रही है। पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी बसंत कुंवर भाटी भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं भाजपा के युवा कद्दावर नेता दिग्विजयसिंह भाटी ़ (बंटी बन्ना) की पत्नी है। वही कांग्रेस के दिग्विजय सिंह राठौड़ (दुर्गा बन्ना) युवा काग्रेस में प्रदेश स्तर पर प्रमुख भुमिका निभा चुके है साथ ही कांग्रेस के पीसीसी सदस्य एवं कांग्रेस के कद्दावर नेता हरिसिंह राठौड़ के पुत्र हैं। इन दो सीटों के अलावा भी अन्य स्थानों पर भी दोनों दलों के प्रभावी एवं तेजतर्रार प्रत्याशी मैदान में है ऐसे में वह भी चुनाव एवं मतगणना के बाद नए राजनीतिक समीकरण बनाने में सक्षम है। वहीं वार्ड चार से भाजपा उम्मीदवार नर्बदा जोशी एवं कांग्रेस प्रत्याशी धापुदेवी गुर्जर, वार्ड 13 से भाजपा उम्मीदवार कुसुम तातेड़ व कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमकुंवर झाला, वार्ड 14 से भाजपा उम्मीदवार कालुसिंह राठौड़ भी प्रधान के दावेदार बने हुए है।