राजसमंद, चेतना भाट। जिले में प्रतिदिनि कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। हर रोज एक के बाद एक संक्रमित सामने आ रहे है। कोविड-19 के संक्रमण को लेकर प्रशासन द्वारा भी लगातार प्रयास किए जा रहे है। बाजार को खोलने का समय तय करने के साथ ही आमजन को सोशल डिस्टेंस बनाए रखने, बिना मास्क पहने घर से बाहर नहीं निकलने, हमेशा मास्क व सेनेटाईजर का उपयोग करने, भीड़-भाड़ वाले स्थानों से दूर रहने नियमों से बार-बार जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन इसके बावजूद भी बाजार की स्थिति विपरित बनी हुई है जहां पर अधिकतर लोग बिना मास्क के बाजार में खरीदारी करने पहुंच रहे है। वहीं दूकानदारों की ओर से भी नियमों का सख्ती के साथ पालन नहीं किया जा रहा है। जिससे आमजन में कोविड-19 के खतरे के प्रति जागरूकता की कमी साफ देखी जा सकती है।
जिले में फिर 20 नए पॉजिटिव
राज्य स्तर से शनिवार को प्राप्त कोरोना सैम्पल की जांच रिपोर्ट में जिले से 20 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए। जिनमें खमनोर ब्लॉक से 14, राजसमंद ब्लॉक से 3, देवगढ़ से 2 नाथद्वारा शहर से एक व्यक्ति है। सभी को संस्थागत आईसोलेशन में भर्ती कर लिया गया है तथा पोजिटिव के संपर्क में आने वाले लोगो के सैम्पल लेने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। इसी के साथ जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढक़र 2454 तक पहुंच गई है। सीएमएचओ डॉ. जेपी बुनकर ने बताया प्राप्त रिपोर्ट में खमनोर ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्र से 29 वर्षीय युवती, 28 वर्षीय युवक, 24 वर्षीय युवक, 16 वर्षीय किशोरी, 32 वर्षीय महिला, 16 वर्षीय किशोरी, 55 वर्षीय पुरुष, 50 वर्षीय महिला, 28 वर्षीय युवती, 11 वर्षीय बालक, 42 वर्षीय महिला, 75 वर्षीय वृद्धा, 82 वर्षीय वृद्ध, 25 वर्षीय युवक, राजसमंद शहर से 30 वर्षीय महिला, 40 वर्षीय पुरुष, राजसमंद ग्रामीण क्षेत्र से 16 वर्षीय युवक, देवगढ़ से 45 वर्षीय पुरुष, 45 वर्षीय महिला, नाथद्वारा शहर से 69 वर्षीय वृद्ध की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।