राजसमंद, चेतना भाट। भाजयुमो की जिला कार्यसमिति के बैठक में जिले भर से आए भाजयूमो कार्यकर्ताओ ने पंचायत चुनाव में गर्मजोशी से हुँकार भरते हुए संगठन को विजय बनाने का संकल्प लिया। जिला महामंत्री मुरारी आशिया ने बताया कि बैठक के प्रारंभ में वंदेमातरम गीत का सामूहिक गायन किया गया। तत्पश्चात भारत माता व महापुरुषों के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजयूमो जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल की तथा मुख्य अतिथि पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष भंवरलाल शर्मा, विशिष्ट अतिथि भाजपा नगर अध्यक्ष सुभाष पालीवाल थे। बैठक को संबोधित करते हुए भाजयूमो जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल ने कहा कि पंचायत चुनाव की युद्ध रणभेरी बज चुकी है तथा भाजपा पूर्व चुनावो की भांति इस वर्ष भी आठों पंचायत समिति एवं जिला परिषद की सभी सीटे जीतकर सभी प्रधान तथा जिला प्रमुख पर कब्जा करेगी। वर्तमान चुनाव बाबर की सेना रूपी कांग्रेस एवं महाराणा प्रताप की सेना के मध्य है। महाराणा तब भी अजेय थे और अब भी रहेंगे। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष भंवरलाल शर्मा ने कहा कि युवाओं को एकजुट और संगठित होकर पार्टी जिसे भी टिकिट दे उसके साथ तन, मन और धन के साथ लगकर विजयी बनावे। भाजपा नगर अध्यक्ष सुभाष पालीवाल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर गर्मजोशी से भारत माता व भाजपा के जयकारे लगाकर भाजपा के नवीन कार्यालय परिसर को गुंजायमान कर दिया। बैठक में पंचायत चुनावो को लेकर सभी पंचायतों व जिला परिषद सीटो के लिए प्रभारी नियुक्त किये गए। आभार नगर अध्यक्ष दिनेश कुमावत ने जताया। संचालन महामंत्री गोपाल गुर्जर ने किया।
