राजसमंद, चेतना भाट। सरकार की मजदूर विरोधी नीति को लेकर भारती मजदूर संघ की ओर से गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट पहुंच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम जिला कलक्टर अरविंद कुमार को ज्ञापन सौंपा। संघ जिला मंत्री फतेहसिंह राव ने बताया कि सरकार ने जल्दबाजी में लेबर कोड बिल पारित कराए है। जो श्रमिकों के लिहाज से ठीक नहीं हैं। जबकि इन बिलों पर पहले विस्तार से चर्चा की जानी चाहिए थी। लेकिन सरकार ने ऐसा न करके श्रमिकों का शोषण करने का काम किया है। वहीं, सरकार ने श्रमिकों के हितों वाली महत्वपूर्ण मांगें भी नहीं मानी हैं। उन्होंने कहा कि श्रम सुधार के नाम पर श्रमिकों से सम्बन्धित 44 व्यापक श्रम कानूनों को बदलकर केवल 4 संहिताओं में सीमित कर दिया गया है। उन्होंने चेताया है कि यदि उनकी मांगों को नहीं माना गया तो केंद्रीय भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में सडक़ों पर प्रदर्शन किया जाएगा। संघ जिलाध्यक्ष दिनेश पालीवाल ने कहा कि निजीकरण, पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने, श्रम कानूनों में श्रमिक विरोधी नीतियों के परिवर्तन के विरोध में संगठन निरंतर आंदोलन करता रहेगा। जरूरत पड़ी तो संगठन केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगा। इस अवसर पर किशनसिंह चौहान, वीरेंद्र मिश्रा, चैनसिंह राठौड़, शिवलाल रंगाची, कमलेश गुर्जर आदि उपस्थित थे।