
राजसमंद, चेतना भाट। जन विकास संस्थान द्वारा संचालित जाग्रति परियोजना के अंतर्गत संस्थान के युवा नेतृत्वकर्ताओं की ओर से कोविड-19 के नियमों की पालना के साथ म्हारी बोली, म्हारो अधिकार थीम पर युवा महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में खमनोर, राजसमंद, रेलमगरा ब्लॉक के 32 गांवों के युवा नेतृत्वकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व जिला साक्षरता अधिकारी बंशीलाल पालीवाल द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में लक्ष्मीलाल जैन उपस्थित थे। इस दौरान संस्थान निदेशिका शकुंतला पामेचा ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान अतिथि बंशीलाल पालीवाल ने सम्बोधित करते हुए कहा कि महिला मंच के माध्यम से किशोरियां अपने उद्देश्य का प्राप्त कर सकती है। विशिष्ट अतिथि लक्ष्मीलाल जैन ने कहा कि जीवन में काई भी चीज असंभव नहीं है। अगर वातावरण अच्छा हो और स्वयं के मन में आत्मविश्वास हो तो सफलता अवश्य मिलती है। परियोजना संचालक अरविंद पामेचा ने बताया कि बाल विवाह सहित समाज में व्याप्त कई कुरीतियों की रोकथाम को लेकर युवा महोत्सव मनाया गया है। जागृति परियोजना अधिकारी ममता सोनी द्वारा संस्थान द्वारा वर्ष भर में किए गए कार्यांे का वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए आगामी योजना की जानकारी दी। कार्यक्रम में संस्थान के नेतृत्वकर्ताओं के निर्देशन में किशोर-किशोरियों में आए बदलाव, गांव में किए गए विकास कार्य, किशोर-किशोरियों को शिक्षा से जोडऩे, बाल विवाह में कमी लाने, सरकारी योजनाओं से लाभांवित करने, किशोरियों पर कोविड-19 के प्रभाव की स्थित को जानने के लिए शोध कार्य, कोविड-19 जागरूकता अभियान सहित समाज में व्याप्त कुरीतियों पर नाटक, कविताएं, समूह गीत, नृत्य आदि की प्रस्तुतियां दी। साथ ही किशोर-किशोरियों ने संस्थान से जुडऩे पर उनमें आए बदलाव की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा तीनों ब्लॉकों के 32 गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, खेल, सामाजिक कुरीतियों को दूर करने आदि में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थान के 34 किशोर-किशोरियों को सम्मानित किया। वहीं अन्तर्राष्ट्रीय संस्थान गल्र्स नोट ब्राइड्स द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई। जिसमें वर्ष भर में किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। संचालन कैलाश सालवी ने किया तथा रवीना सालवी ने किया। अंत में संस्थान के सभी किशोर-किशोरियों ने उत्साह के साथ गरबारास किया।