चेतना भाट की रिपोर्ट
राजसमन्द। जिला मुख्यालय पर कांकरोली थाना क्षेत्र के जेके सर्कल स्थित गैस गौदाम पर कार्य करने वाले एक कर्मचारी का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार मृतक मुरलीधर सौलंकी पुत्र छीतरमल बुनकर (48) निवासी छापरी, सिंहपुर चित्तौडग़ढ़ हाल कांकरोली विगत 30 वर्षों से कांकरोली में ही निवास करते हुए यहां गैस एैजेंसी पर नौकरी करता था। घटना की जानकारी मिलते ही कांकरोली थानाधिकारी योगेन्द्र व्यास मय जाप्ते के मौके पर पहुंचे। उसके बाद एसपी भुवन भूषण यादव व डीएसपी गोपाल सिंह भाटी ने घटना स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया।

मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने घटनास्थल की बारिकी से जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतक की हत्या कर उसके शव को कमरे की नाल के नीचे बिस्तरों में छिपाकर रखा हुआ था। हालांकि शव को कमरे की छत से फैंका गया है, जो नीचे पानी के कुण्ड में गिर गया। जिससे शव व उसके पहने कपड़े पानी में भीगे हुए थे। पुलिस ने शव को नाल के नीचे से निकलवाकर अपने कब्जे में लिया और उसका पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द किया। जानकारी के अनुसार मृतक सोमवार रात को गैस गोदाम के बाहर स्थित होटल पर खाना खाने के पश्चात सोने के लिए अपने कमरे पर गया। सुबह ऑफिस नहीं पहुंचने पर कर्मचारियों व परिजनों ने फोन पर संपर्क किया लेकिन उसका फोन बंद मिला। जिस पर उन्होंने ढूंढना शुरू किया लेकिन दोपहर तक नहीं मिला। वहां पर कार्य करने वाले एक कर्मचारी की नजर अचानक नाल के नीचे गई, जहां पर कुछ बिस्तर पड़े दिखाई दिए। जिसे देखने पर वहां मृतक का शव दिखाई दिया। प्रथमदृष्टया मामला हत्या का बताया जा रहा है। थानाधिकारी योगेन्द्र व्यास ने बताया कि मृतक के साले की रिपोर्ट पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया है।